नारायणा में दो चोरी की बाइक और बटनदार चाकू के साथ शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिले की नारायणा थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के अभियान के तहत एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल राय (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नारायणा विलेज का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और एक बटनदार चाकू बरामद किया है। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह नशे का भी आदी बताया जा रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 8 मई की रात करीब दस बजे नारायणा थाने के हेड कांस्टेबल अशोक कुमार और कांस्टेबल जसबीर बीट नंबर-1 में शाम की गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को एक मोटरसाइकिल खींचते हुए देखा। संदेह होने पर जब पुलिस कर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया और पूछताछ शुरू की, तो वह मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और पीछा कर उसे दबोच लिया।

जांच के दौरान आरोपी के पास मिली मोटरसाइकिल का सत्यापन किया गया, तो वह नारायणा थाने से ही चोरी की पाई गई। जब आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से एक अवैध बटनदार चाकू भी बरामद हुआ। इस संबंध में नारायणा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच अधिकारी एएसआई शौकत अली के नेतृत्व में टीम ने आरोपी से कड़ी पूछताछ की, जिसकी निशानदेही पर एक और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।

आरोपी अनिल राय का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह एक आदतन अपराधी है और नारायणा थाने में चोरी और अन्य अपराधों के कई मामलों में पहले भी शामिल रहा है। वह इलाके में किराए पर रहता था और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए वाहन चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देता था।

इस गिरफ्तारी से पुलिस ने आर्म्स एक्ट का एक मामला और वाहन चोरी के दो ई-एफआईआर के मामले सुलझा लिए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या वह अन्य वारदातों में भी शामिल रहा है। आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More