मोती नगर थाना पुलिस ने दबोचा कुख्यात लुटेरा; अवैध बटनदार चाकू बरामद

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर थाना पुलिस ने अपनी सतर्कता और पेशेवर कार्यशैली का परिचय देते हुए एक कुख्यात लुटेरे को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुर्तजा (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मोती नगर के जखीरा इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में संलिप्त पाया गया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि मोती नगर इलाके में लूट और स्नैचिंग की बढ़ती वारदातों को देखते हुए बीट स्टाफ को विशेष रूप से सतर्क रहने और संदिग्धों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 8 मई को बीट नंबर-3 और 4 का स्टाफ इलाके में गश्त पर था। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को देखा, जो पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास कर रहा था।

एएसआई राजेंद्र, हेड कांस्टेबल देवेंद्र, पवन, सुनील और कांस्टेबल धर्मेंद्र की टीम ने इंस्पेक्टर पंकज कुमार के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुर्तजा को दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। इस संबंध में मोती नगर थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

आरोपी मुर्तजा का रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह एक आदतन अपराधी है। उस पर कीर्ति नगर थाने में चोरी, सराय रोहिल्ला थाने में लूट और मोती नगर थाने में आर्म्स एक्ट के मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि क्या वह हाल ही में हुई स्नैचिंग और स्ट्रीट क्राइम की अन्य वारदातों में भी शामिल रहा है।

डीसीपी ने बताया कि यह ऑपरेशन मोती नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार और एसीपी पंजाबी बाग के पर्यवेक्षण में सफल रहा। पुलिस की इस मुस्तैदी से इलाके में सड़क अपराधों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसे अदालत में पेश किया जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More