चोरी की बाइक पर घूम रहा था, पुलिस को देख यू-टर्न लेकर भागने की करी कोशिश, घेराबंदी कर दबोचा गया

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिमी जिले की सफदरजंग एनक्लेव थाना पुलिस और सफदरजंग अस्पताल पुलिस चौकी की टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एक आदतन वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुमित उर्फ वरुण (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दक्षिण दिल्ली के दक्षिणपुरी इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही वाहन चोरी के तीन अनसुलझे मामले भी सुलझ गए हैं।

दक्षिण-पश्चिमी जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि इलाके में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसीपी मेल्विन वर्गीस के मार्गदर्शन और सफदरजंग एनक्लेव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रजनीश कुमार के नेतृत्व में एक समर्पित टीम गठित की गई थी। इस टीम में सफदरजंग अस्पताल चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल योगेश, विनोद, पुष्पेंद्र, नेतराम, अनिल और कांस्टेबल सुनील शामिल थे। टीम लगातार संवेदनशील इलाकों में गश्त और संदिग्धों की निगरानी कर रही थी।

7 मई की रात करीब दस बजे, जब पुलिस टीम फैक्ट्री रोड और एम्स ट्रॉमा सेंटर के पास जंगली इलाके में गश्त कर रही थी, तब उन्होंने आउटर रिंग रोड से एम्स टनल की ओर आ रहे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को देखा। मोटरसाइकिल सवार ने हेलमेट नहीं पहना था और पुलिस टीम को देखते ही उसने घबराकर अचानक यू-टर्न लिया और भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और पीछा कर उसे सफदरजंग अस्पताल के गेट नंबर-9 के पास दबोच लिया।

जांच के दौरान पाया गया कि मोटरसाइकिल पर लगी नंबर प्लेट क्षतिग्रस्त थी। जब ज़िपनेट के माध्यम से सत्यापन किया गया, तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल सफदरजंग एनक्लेव थाने से चोरी हुई थी। कड़ी पूछताछ में आरोपी सुमित ने स्वीकार किया कि वह वाहन चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो और वाहन बरामद किए, जिनमें ग्रीन पार्क से चोरी हुई एक होंडा डियो स्कूटी और महरौली इलाके से चोरी हुई एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल है।

आरोपी सुमित उर्फ वरुण का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पहले भी लाजपत नगर थाने में दर्ज वाहन चोरी के दो मामलों में शामिल पाया गया है। आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपनी जरूरतों को पूरा करने और आसान पैसा कमाने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More