क्राइम ब्रांच ने दिल्ली में नकली अल्ट्राटेक सीमेंट बनाने वाली दो अवैध फैक्ट्रियों का किया भंडाफोड़; भारी मात्रा में मिलावटी माल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (ER-II) ने अपनी पेशेवर कार्यशैली और तत्परता का परिचय देते हुए दिल्ली के मांडोली और जवाहर नगर इंडस्ट्रियल एरिया में चल रही दो अवैध फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है। ये फैक्ट्रियां नामी कंपनी ‘अल्ट्राटेक सीमेंट’ के नाम पर बड़े पैमाने पर नकली और मिलावटी सीमेंट का निर्माण व पैकेजिंग कर रही थीं। इस सफल ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने गिरोह के सुपरवाइजर रिजवान (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली सीमेंट की बोरियां, मिलावटी सीमेंट, क्लिंकर सामग्री और अल्ट्राटेक कंपनी के नकली पैकेजिंग बैग बरामद किए गए हैं।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी पंकज सिंह ने बताया कि 6 मई को अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि कमल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि मांडोली और जवाहर नगर औद्योगिक क्षेत्रों में रात के समय बड़े पैमाने पर उनकी कंपनी के नाम का उपयोग कर नकली सीमेंट तैयार किया जा रहा है। इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी नरेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर सुनील कुंडू के नेतृत्व में एसआई अर्जुन सिंह, एएसआई उपेंदर, सतेंद्र, हेड कांस्टेबल प्रिंस, मोहित, राजीव और विकास की एक विशेष टीम गठित की गई।

क्राइम ब्रांच की टीम ने प्राप्त सूचना के आधार पर सबसे पहले न्यू मांडोली इंडस्ट्रियल एरिया में छापेमारी की, जहाँ आरोपी रिजवान अवैध गतिविधियों की देखरेख करते हुए पाया गया। पूछताछ में रिजवान ने खुलासा किया कि वे खराब हो चुके सीमेंट को पीसकर उसमें क्लिंकर सामग्री मिलाते थे और फिर उसे अल्ट्राटेक के नकली प्लास्टिक बैगों में पैक कर बाजार में खपा देते थे। इसके बाद टीम ने जवाहर नगर इंडस्ट्रियल एरिया में दूसरी यूनिट पर छापा मारा, जहाँ इसी तरह की एक और अवैध फैक्ट्री संचालित होती पाई गई।

पुलिस ने इन दोनों फैक्ट्रियों से भारी मात्रा में माल बरामद किया है, जिसमें अल्ट्राटेक के अलग-अलग वेरिएंट के 2725 खाली नकली बैग, 341 भरे हुए नकली सीमेंट बैग, बड़ी मात्रा में खुला मिलावटी सीमेंट, लगभग 1780 बोरियां खराब सीमेंट और 420 बैग क्लिंकर सामग्री शामिल है। पुलिस ने दोनों फैक्ट्रियों को मशीनों सहित सील कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी रिजवान उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले का रहने वाला है और इन इकाइयों में सुपरवाइजर के रूप में काम कर रहा था।

इस संबंध में अपराध शाखा थाने में बीएनएस की धारा 318(4)/336(3)/340(2) और कॉपीराइट एक्ट की धारा 63/65 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी रिजवान को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस सिंडिकेट के असली मालिकों और इस नकली सीमेंट को खरीदने वाले विक्रेताओं के नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है ताकि निर्माण क्षेत्र में होने वाले इस खतरनाक खिलवाड़ को पूरी तरह से रोका जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More