बहादुुरगढ़ से नजफगढ़ की ओर आ रहे तस्कर पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचा, कार से 1750 पव्वे बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान ‘नशे पर लगाम, देश को सलाम’ के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक कुख्यात और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान रवि कुमार उर्फ पव्वा (56 वर्ष), निवासी सुल्तानपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद रंग की वैगनआर कार और भारी मात्रा में 1750 पव्वे अवैध शराब बरामद की है। आरोपी रवि कुमार आबकारी अधिनियम के तहत पहले से दर्ज 36 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और इलाके में शराब तस्करी के लिए कुख्यात है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि जिले को नशा मुक्त बनाने और युवाओं को इस सामाजिक बुराई से बचाने के लिए ‘नशे पर लगाम, देश को सलाम’ अभियान के तहत विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक के मार्गदर्शन और एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में एसआई प्रेम नारायण, नवीन, हेड कांस्टेबल जितेंद्र, महिपाल, गोपाल, विकास, लोकेश और मुकेश शामिल थे। टीम लगातार उन आदतन अपराधियों पर नजर रख रही थी जो अवैध शराब की सप्लाई में सक्रिय थे।

जांच और निगरानी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुख्यात तस्कर रवि कुमार उर्फ पव्वा एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। 29 अप्रैल को टीम को सटीक जानकारी मिली कि आरोपी अपनी वैगनआर कार में बहादुरगढ़ की ओर से अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर यूईआर-II होते हुए नजफगढ़ के साईं बाबा मंदिर की तरफ जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीतिक घेराबंदी की और बताए गए मार्ग पर जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध कार आती दिखाई दी, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने बहादुरी से पीछा करते हुए कार को रुकवाया और चालक रवि कुमार को धर दबोचा।

कार की तलाशी लेने पर पुलिस टीम दंग रह गई। गाड़ी के भीतर से कुल 1750 पव्वे (प्रत्येक 180 एमएल) अवैध शराब बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह यह अवैध शराब बहादुरगढ़ से लाया था और इसे उत्तम नगर इलाके में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने की योजना थी। इस संबंध में नजफगढ़ थाने में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 56 वर्षीय रवि कुमार उर्फ पव्वा एक पेशेवर अपराधी है और उस पर दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत 36 मामले पहले से दर्ज हैं। वह बार-बार जेल जाने के बावजूद जेल से बाहर आते ही दोबारा इसी धंधे में लिप्त हो जाता था। पुलिस ने अवैध शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और आरोपी को शराब की यह बड़ी खेप कहां से उपलब्ध हुई थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More