घर के पास ही घेरकर आइसक्रीम विक्रेता का गला दबाया और की लूटपाट, पुलिस ने चार को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की सुभाष प्लेस थाना पुलिस टीम ने एक आइसक्रीम विक्रेता के साथ हुई लूट की गुत्थी को सुलझाते हुए एक मुख्य आरोपी और तीन किशोरों को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान वैभव उर्फ हर्ष उर्फ लंबू (22 वर्ष), निवासी जेजे कॉलोनी, शकूरपुर के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता से लूटी गई ₹1,400/- की नकदी और उसका मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। जांच में सामने आया कि वैभव ने पहली बार किसी अपराध को अंजाम दिया है और इन सभी ने आसान तरीके से पैसा कमाने के लालच में इस वारदात की साजिश रची थी।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि 4 और 5 मई की मध्यरात्रि करीब 12:40 बजे लूट की एक वारदात सामने आई थी। शिकायतकर्ता, जो आइसक्रीम बेचकर अपने घर लौट रहा था, ने बताया कि जब वह अपने घर के पास पहुँचा, तभी चार युवकों ने उसे पीछे से घेर लिया। आरोपियों ने उसका गला दबाया और मारपीट करते हुए उसकी जेब से मोबाइल फोन और ₹1,800/- की नकदी छीन ली और मौके से फरार हो गए। इस संबंध में सुभाष प्लेस थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर संख्या 243/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी सुभाष प्लेस सृष्टि भट्ट और एसएचओ तेजपाल सिंह के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल विकास खान, कांस्टेबल श्यामवीर और मोहित को शामिल किया गया। टीम ने शिकायतकर्ता से मिली जानकारी और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। स्थानीय खुफिया सूत्रों को सक्रिय किया गया और संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस की सूक्ष्म जांच और निरंतर प्रयासों के बाद टीम ने वैभव उर्फ लंबू और उसके तीन अन्य साथियों को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी वैभव ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से लूटी गई राशि का हिस्सा और शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर खर्चों को पूरा करने और जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में राहगीर को निशाना बनाया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वैभव का इससे पहले कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है।

पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में ले लिया है और तीनों किशोरों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एडीसीपी ने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन आरोपियों ने इलाके में किसी अन्य छोटी-बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रख रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More