आदर्श नगर थाना पुलिस ने ₹4 लाख की लूट का किया खुलासा, उत्तर प्रदेश से 4 लुटेरे गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की आदर्श नगर थाना पुलिस टीम ने दिनदहाड़े हुई ₹4 लाख की सनसनीखेज लूट की गुत्थी को सुलझाते हुए चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि शंकर पांडे (27 वर्ष), हर्ष मिश्रा (19 वर्ष), संदीप कुमार शुक्ला (21 वर्ष) और अरमान खान (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम से खरीदी गई एक नई स्विफ्ट टूर कार, ₹88,000/- नकद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चाकू और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा, एक आरोपी के बैंक खाते में जमा ₹25,000/- की राशि को भी फ्रीज कर दिया गया है। आरोपियों को उत्तर प्रदेश के गोंडा, बहराइच और बुलंदशहर में चलाए गए एक गहन अंतरराज्यीय अभियान के बाद पकड़ा गया।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडीसीपी सिकंदर सिंह ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 28 अप्रैल को आजादपुर मंडी गेट के पास लूट की एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता सतीश कुमार ने बताया कि जब वह ₹4 लाख की नकदी एक्सिस बैंक में जमा कराने जा रहे थे, तभी मेट्रो पिलर नंबर 76 के पास तीन बाइक सवार युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर और गर्दन पकड़कर उन्हें डराया और रुपयों से भरा बैग छीनकर मॉडल टाउन की ओर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी जहांगीर पुरी योगेंद्र खोखर और एसएचओ आदर्श नगर राजेश कुमार भाखर के पर्यवेक्षण में एसआई हिमांशु के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, जिससे पता चला कि आरोपियों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी। मामले में सबसे महत्वपूर्ण सुराग तब मिला जब पुलिस को पता चला कि वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने के लिए एक यूपीआई भुगतान किया गया था। इसी डिजिटल सुराग और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर मुख्य आरोपी रवि शंकर पांडे की पहचान हुई और उसकी लोकेशन उत्तर प्रदेश के गोंडा में मिली। पुलिस टीम ने तुरंत गोंडा में दबिश दी और रवि शंकर पांडे को धर दबोचा। जांच में खुलासा हुआ कि उसने लूट की रकम में से ₹1,48,000/- का उपयोग एक नई स्विफ्ट टूर कार खरीदने में किया था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

रवि शंकर की पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बहराइच में छापेमारी कर सह-आरोपी हर्ष मिश्रा को गिरफ्तार किया। आगे की जांच में संदीप कुमार शुक्ला का नाम सामने आया, जिसे शिकायतकर्ता की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे भी दबोच लिया। चौथे आरोपी अरमान खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस का सहारा लिया और उसके छिपने के ठिकाने का पता लगाकर उसे गांव के बाहरी इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम को इस पूरे ऑपरेशन के दौरान लगातार हो रही बारिश और कुछ स्थानों पर स्थानीय विरोध का भी सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने मुस्तैदी से आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों का पहले का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है, लेकिन उन्होंने कम समय में अधिक पैसा कमाने और ऐशो-आराम के लिए इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अब तक कुल ₹2,61,000/- की बरामदगी सुनिश्चित की है, जिसमें नकद राशि, बैंक में फ्रीज किए गए रुपये और खरीदी गई कार की कीमत शामिल है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वे किसी अन्य वारदात में भी शामिल रहे हैं। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More