सिगरेट के धुएं ने सुलगाई खूनी संघर्ष की चिंगारी, पटेल नगर में दो गुटों के बीच फायरिंग में एक युवक घायल

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पटेल नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेम नगर की गली नंबर एक में बुधवार को सिगरेट पीने के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुए इस विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और इस दौरान एक राउंड फायरिंग भी की गई। गोली लगने से हर्ष नामक युवक घायल हो गया, जो कि मुकेश नामक व्यक्ति का रिश्तेदार बताया जा रहा है। वारदात में दूसरे पक्ष के दीपक और उसके मित्र अंगद को भी गंभीर चोटें आई हैं। पटेल नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस घायल हर्ष के पैर में लगी गोली और पूरी घटना के पीछे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

घटना बुधवार, 06 मई की है, जब शाम के समय प्रेम नगर निवासी मुकेश अपने मित्र शिव कुमार के साथ खाना खा रहा था। उसी दौरान पास ही खड़े दीपक ने सिगरेट पीना शुरू कर दिया। सिगरेट के धुएं से असहज होकर मुकेश ने दीपक को वहां सिगरेट पीने से मना किया, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने फोन करके अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही मिनटों में दोनों तरफ से चार-पांच लोग वहां जमा हो गए और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई।

मारपीट के दौरान अचानक एक पक्ष की ओर से अवैध हथियार से गोली चला दी गई। गोली मुकेश के रिश्तेदार हर्ष के पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज से पूरी गली में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबक गए। इस बीच हुई मारपीट में दीपक और अंगद भी चोटिल हो गए। पीसीआर कॉल प्राप्त होते ही पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और वहां से साक्ष्य जुटाए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि फायरिंग किस पक्ष की ओर से और किस हथियार से की गई थी।

पटेल नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों के शामिल व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि यह मामला केवल सिगरेट के विवाद का है या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश रही है, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More