राजेंद्र नगर पुलिस ने राजस्थान तक पीछा कर दो शातिर लुटेरों को किया गिरफ्तार, मोबाइल और भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद

नई दिल्ली: मध्य दिल्ली के राजेंद्र नगर थाना पुलिस की टीम ने एक साहसिक अंतरराज्यीय ऑपरेशन के दौरान लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो बेहद शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज उर्फ देव (22 वर्ष), निवासी बलजीत नगर और शैलेंद्र उर्फ सिलू उर्फ रवि (31 वर्ष), निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी को राजस्थान के सीकर जिले से लगभग 350 किलोमीटर का पीछा करने के बाद दबोचा। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया रेडमी मोबाइल फोन, अपराध में इस्तेमाल की गई स्कूटी, सैमसंग और बोट के ईयरबड्स, नॉइज़ घड़ी और कई अन्य चोरी के सामान बरामद किए गए हैं। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने राजेंद्र नगर इलाके में लूट और चोरी की दो प्रमुख वारदातों का खुलासा किया है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 1 मई को राजेंद्र नगर के डबल स्टोरी इलाके में एक महिला के साथ लूट की सूचना मिली थी। महिला ने बताया कि जब वह अपने घर के सामने बैठी थी, तब एक युवक ने उससे रास्ता पूछा और तभी दूसरे साथी ने आकर उसे दबोच लिया और उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसीपी करोल बाग शिवम के मार्गदर्शन और एसएचओ राजेंद्र नगर के नेतृत्व में एसआई योगेश पूनिया, हेड कांस्टेबल अमिताभ, कांस्टेबल प्रदीप और विपिन की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने इलाके के कई सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिससे पता चला कि दो युवक स्कूटी पर आए थे और उन्होंने महिला के साथ लूटपाट की थी। फुटेज के मिलान से यह भी स्पष्ट हुआ कि इन्हीं आरोपियों ने उसी दिन एक डिलीवरी बॉय के साथ भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। तकनीकी जांच और स्थानीय पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी सूरज उर्फ देव की पहचान हुई। जब पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा तो वह फरार मिला। पुलिस को सूचना मिली कि वह राजस्थान के खाटू श्याम जी, सीकर भाग गया है। पुलिस टीम ने तुरंत राजस्थान में दबिश दी और तकनीकी निगरानी व जमीनी सूचनाओं की मदद से 5 मई को आरोपी सूरज को रींगस, सीकर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान सूरज ने अपना जुर्म कबूल किया और उसकी निशानदेही पर छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। उसकी दी गई जानकारी के आधार पर दिल्ली के सुभाष नगर से सह-आरोपी शैलेंद्र उर्फ रवि को भी गिरफ्तार किया गया और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद हुई। आरोपियों के घरों की तलाशी लेने पर डिलीवरी बॉय से चोरी किए गए ईयरबड्स, घड़ी और घर का अन्य कीमती सामान भी बरामद हुआ।

आरोपियों के प्रोफाइल के अनुसार, ये पेशेवर अपराधी हैं। सूरज उर्फ देव पर पहले से हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के 2 मामले दर्ज हैं, जबकि शैलेंद्र उर्फ रवि पर लूट और चोरी के 9 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। ये आरोपी सुनसान गलियों में महिलाओं और डिलीवरी कर्मियों को अपना आसान शिकार बनाते थे। रास्ता पूछने के बहाने पीड़ित को उलझाते थे और फिर ताकत का इस्तेमाल कर सामान छीनकर स्कूटी से फरार हो जाते थे। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है ताकि इनके द्वारा की गई अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More