पार्लियामेंट स्ट्रीट सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत के मामले में आरोपी ट्रक चालक बिहार से गिरफ्तार

नई दिल्ली: लुटियंस दिल्ली के संसद मार्ग (पार्लियामेंट स्ट्रीट) थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुए एक भीषण सड़क हादसे के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो सगे भाइयों को कुचलने वाले फरार ट्रक चालक को बिहार के समस्तीपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में 20 वर्षीय यज्ञ भाटिया और 14 वर्षीय अभाव भाटिया की दर्दनाक मौत हो गई थी।

घटना 27 और 28 अप्रैल की दरमियानी रात की है, जब अशोक रोड स्थित महादेव रोड टी-पॉइंट पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। मृतक अशोक नगर के रहने वाले थे। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें गठित की थीं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली। जांच के दौरान न केवल ट्रक की पहचान हुई, बल्कि आरोपी के बैंक ट्रांजेक्शन और मानवीय इनपुट के जरिए उसके ठिकाने का भी पता चल गया।

कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने 4 मई को आरोपी चालक टुनटुन उर्फ टीटू (20) को बिहार के समस्तीपुर जिले से धर दबोचा। आरोपी मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले के गोरदह गांव का रहने वाला है और दिल्ली में यमुना खादर स्थित झुग्गियों में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी को दिल्ली लाकर न्यायालय के समक्ष पेश किया है, जहां से उसे आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को पहले ही जब्त किया जा चुका है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More