नशे के पैसे न मिलने पर किया था जानलेवा हमला, दिल्ली पुलिस ने हरिद्वार से दबोचा नाबालिग

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर जिला पुलिस के थाना कोतवाली की टीम ने हत्या के प्रयास के एक अंधे मामले को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए एक किशोर को हरिद्वार, उत्तराखंड से पकड़ लिया है। यह आरोपी न केवल कोतवाली इलाके में हुए हमले में शामिल था, बल्कि उसी रात थाना जामा मस्जिद क्षेत्र में भी हत्या के प्रयास के एक अन्य मामले में वांछित था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और जमीनी खुफिया जानकारी की मदद से इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को अंजाम दिया।

उत्तर जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 5 अप्रैल को एलएनजेपी अस्पताल से सूचना मिली थी कि नांगलोई निवासी एक 17 वर्षीय किशोर को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के गले और पेट पर किसी नुकीले हथियार से वार किए गए थे और वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। पुलिस ने लाल किला परेड ग्राउंड स्थित घटनास्थल का मुआयना किया, जहाँ खून बिखरा हुआ था। इस संबंध में थाना कोतवाली में बीएनएस की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कोतवाली शंकर बनर्जी के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के पर्यवेक्षण में बल्लीमारान चौकी प्रभारी एसआई प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम में एएसआई रहमान, कांस्टेबल अमित, पूर्ण और अमरेश शामिल थे।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध लड़का भागता हुआ दिखाई दिया। उसकी तस्वीर चांदनी चौक इलाके के स्थानीय लोगों और मुखबिरों के साथ साझा की गई, जिससे उसकी पहचान ‘V’ के रूप में हुई, जो चांदनी चौक इलाके में आवारा घूमता रहता था। तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी लोकेशन उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के अनेकी गांव में मिली। पुलिस टीम ने तुरंत हरिद्वार पहुंचकर सुनियोजित तरीके से छापेमारी की और 29 अप्रैल को आरोपी को दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान 16 वर्षीय किशोर ने बताया कि वह पिछले दो साल से चांदनी चौक में रह रहा है और नशे का आदी है। 4 अप्रैल की रात परेड ग्राउंड पार्किंग के पास उसका पीड़ित से विवाद हुआ। जब पीड़ित ने उसे नशे के लिए पैसे देने से मना किया और उसे थप्पड़ मारा, तो गुस्से में आकर उसने अपने पास मौजूद ‘पेपर कटर’ से पीड़ित के गले और पेट पर जानलेवा हमला कर दिया।

वारदात के बाद वह भागकर जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 2 पहुँचा, जहाँ उसने उसी रात एक अन्य व्यक्ति पर भी हमला किया। इसके बाद वह ट्रेन से हरिद्वार भाग गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने हथियार और अपने कपड़े चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिए। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और किशोर को नियमानुसार जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More