जेल से छूटते ही फिर शुरू की लूटपाट; गुरुग्राम के वांछित अपराधियों ने द्वारका में बुजुर्ग महिला को बनाया था निशाना, पुलिस ने दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले के थाना द्वारका साउथ की पुलिस टीम ने एक अंतरराज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड को दिल्ली से करीब 1000 किलोमीटर दूर बिहार के सिवान जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश उर्फ कार्तिक (25) और ऋतिक प्रसाद (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर 220 सीसी मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 7 अप्रैल को सेक्टर 9 द्वारका में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली थी। इस संबंध में थाना द्वारका साउथ में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार शाह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और भागने के रास्तों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि वारदात का मुख्य सूत्रधार उमेश उर्फ कार्तिक बिहार के सिवान में छिपा हुआ है।

पुलिस टीम तुरंत सिवान पहुंची, जहां आरोपी के गांव नारायणपुर में उसके घर के ठीक सामने एक शादी का कार्यक्रम चल रहा था। भारी भीड़ के कारण आरोपी को पहचानना और पकड़ना चुनौतीपूर्ण था। हालांकि, तकनीकी सर्विलांस की मदद से 24 अप्रैल को उमेश को धर दबोचा गया। पूछताछ में उसने ऋतिक प्रसाद की संलिप्तता भी स्वीकार की, जिसे बाद में गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया। ऋतिक के पास से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद हुई।

उमेश उर्फ कार्तिक एक घोषित अपराधी है और उस पर हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट के 14 मामले दर्ज हैं। वह एनडीपीएस और चोरी के मामले में गुरुग्राम जेल में 5 साल की सजा भी काट चुका है। ऋतिक प्रसाद भी आदतन अपराधी है और लूट के मामले में 3 साल की सजा काट चुका है। उमेश ने गुजरात में रहते हुए ऋतिक के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। उन्होंने जेल में बंद एक दोस्त की बाइक की मरम्मत कराई और 7 अप्रैल की तड़के दिल्ली आकर स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद वे पुलिस से बचने के लिए सीधे बिहार भाग गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है ताकि उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More