जेप्टो के पूर्व डिलीवरी बॉय ने रची थी लूट की साजिश; कैश कलेक्शन एजेंट को बीच सड़क पर घेर लूटे 4.18 लाख, पुलिस ने चार को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर जिला पुलिस के थाना बुराड़ी की टीम ने 27 अप्रैल को हुई 4.18 लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने एक मैराथन ऑपरेशन में 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया और करीब 35 किलोमीटर तक लुटेरों का पीछा करने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर (25), कृष (22), कपिल (19) और शादाब उर्फ अमित (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई रकम में से 26,000 रुपये, लूट के पैसों से खरीदा गया एक मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल चोरी की एक स्कूटी बरामद की है।

उत्तर जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 27 अप्रैल की दोपहर को बुराड़ी के 60 फुटा रोड पर एक निजी कंपनी के कैश कलेक्शन एजेंट संदीप से दो स्कूटी पर सवार चार बदमाशों ने 4,18,600 रुपये लूट लिए थे। बदमाशों ने संदीप की मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया और बैग छीनकर स्वरूप नगर की ओर फरार हो गए। इस संबंध में थाना बुराड़ी में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी बुराड़ी शशिकांत गौड़ के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गिरीश चंद्र रतुड़ी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास से लेकर हरियाणा सीमा तक के 1000 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपी दहिसरा बॉर्डर से हरियाणा में दाखिल हुए और कुछ घंटों बाद सिंघू बॉर्डर से वापस दिल्ली आए।

सीसीटीवी ट्रेल का पीछा करते हुए पुलिस जहांगीरपुरी के एक होटल तक पहुंची, जहां आरोपी करीब 5 घंटे तक रुके थे। होटल में दी गई आईडी और मोबाइल नंबरों से मुख्य आरोपियों की पहचान समीर और कृष के रूप में हुई। तकनीकी निगरानी के आधार पर 3 मई को भलस्वा डेयरी इलाके में जाल बिछाया गया। गिरफ्तारी के दौरान हाथापाई में हेड कांस्टेबल रहीश के पैर में मामूली चोट भी आई। पुलिस ने पहले समीर, कृष और कपिल को पकड़ा और उनकी निशानदेही पर अशोक विहार से चौथे आरोपी शादाब को दबोच लिया।

पूछताछ में मास्टरमाइंड समीर ने बताया कि वह पहले जेप्टो स्टोर, आजादपुर में डिलीवरी बॉय का काम करता था। काम के दौरान उसने कैश कलेक्शन एजेंटों की आवाजाही पर नज़र रखी थी। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। वारदात के लिए उन्होंने तिमारपुर और मुखर्जी नगर से दो स्कूटी चोरी की थीं। लूट के बाद उन्होंने एक स्कूटी छोड़ दी और पुलिस को भ्रमित करने के लिए अपने कपड़े भी बदल लिए। आरोपी कृष को ऑनलाइन गेमिंग का शौक था, इसलिए उसने लूट के कुछ पैसे अपने बैंक खाते में भी जमा कराए थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात के समय पहने गए कपड़े, पीड़ित का बैग और दस्तावेज भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस बाकी बची रकम और दूसरी स्कूटी की तलाश कर रही है। इस जटिल मामले को सुलझाने के लिए बुराड़ी पुलिस टीम की तकनीकी दक्षता और धैर्य की सराहना की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More