‘सम्मोहन’ कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश: जगतपुरी पुलिस ने तीन शातिर ठगों को दबोचा; सोने के झुमके बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के थाना जगतपुरी की पुलिस टीम ने चोरी और ठगी के एक अजीबोगरीब मामले को सुलझाते हुए तीन ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो मासूम लोगों को सम्मोहित करने या उनका ध्यान भटकाकर कीमती सामान उड़ा लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के झुमके और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुल्तान (23), सुहैल उर्फ जंगबाज (23) और अरमान (22) के रूप में हुई है, जो सभी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 2 मई को जगतपुरी निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अम्बेडकर गेट के पास अज्ञात व्यक्तियों ने उनके सोने के झुमके चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर थाना जगतपुरी में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत ई-प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें हेड कांस्टेबल अशोक, एएसआई अमित और कांस्टेबल यतेंद्र शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे पता चला कि वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधी एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर रहे थे। 3 मई को एक मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त आरोपी जगतपुरी इलाके में ही घूम रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और तीनों आरोपियों को सफलतापूर्वक दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे राहगीरों, विशेषकर महिलाओं को निशाना बनाते थे और उन्हें अपनी बातों में उलझाकर या ‘सम्मोहित’ कर उनका ध्यान भटका देते थे। इसी बीच वे बड़ी सफाई से पीड़ित के शरीर से गहने या बैग चोरी कर लेते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि वे इस तरीके से कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से शिकायतकर्ता के सोने के झुमके बरामद कर लिए हैं। साथ ही, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस इन आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने दिल्ली और आसपास के इलाकों में और कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More