दिल्ली पुलिस और ‘कच्चा-बनियान पारधी गैंग’ के बीच मुठभेड़: 6 खूंखार अपराधी गिरफ्तार, तीन के पैरों में लगी गोली

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण जिले की एएटीएस टीम ने एक साहसिक ऑपरेशन के तहत मध्य प्रदेश के कुख्यात ‘कच्चा-बनियान पारधी गैंग’ के छह सदस्यों को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने हाल ही में मालवीय नगर इलाके में एक बड़ी सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया था। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर 06 राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली इंस्पेक्टर उमेश यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में निर्मल उर्फ निखिल (34), सम्राट उर्फ काला (30), अंबर उर्फ डेविन (25 – इनामी बदमाश), काकेश (24), कृष उर्फ देवा (18) और एक नाबालिग (17) शामिल हैं।

साउथ जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 मई की रात को सर्वोदय एन्क्लेव (मालवीय नगर) में एक घर का ताला तोड़कर नकद और जेवरात चोरी किए गए थे। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि छह बदमाशों का यह गिरोह विजय मंडल पार्क के रास्ते घर में घुसा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी (ऑप्स) अरविंद यादव के पर्यवेक्षण और एएटीएस इंचार्ज इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम को 3 मई की रात सूचना मिली कि यह गिरोह बीआरटी कॉरिडोर के पास जहापनाह जंगल में छिपा हुआ है।

रात करीब 12:55 बजे जब पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण के लिए कहा, तो उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में 8 राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान निर्मल, अंबर और सम्राट घायल हो गए, जबकि बाकी तीन को टीम ने साहस दिखाते हुए दबोच लिया। आरोपी अंबर उर्फ डेविन मध्य प्रदेश का एक वांछित और इनामी अपराधी है, जिस पर 10,500 रुपये का इनाम घोषित था। पकड़े गए सभी आरोपी मध्य प्रदेश के गुना और रतलाम के रहने वाले हैं और उन पर हत्या के प्रयास, लूट और डकैती के दर्जनों मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने इनके पास से मालवीय नगर से चोरी किए गए सोने और चांदी के झुमके व पेंडेंट बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा, इनके पास से अत्याधुनिक सैमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, दो देशी कट्टे, 7 जिंदा कारतूस, एक स्प्रिंग वाला चाकू और घर तोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले भारी उपकरण जैसे हाइड्रोलिक प्रेशर कटर, स्टील बोल्ट कटर, जेड-शेप्ड आयरन रॉड (हथिया स्पेशल) और 4 गुलेल व 50 पत्थर के गोले बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने थाना अंबेडकर नगर में मुठभेड़ और शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मामला दर्ज किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में घूम-घूम कर पार्कों के पास वाले घरों को निशाना बनाता था। फिलहाल पुलिस अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क कर इनके द्वारा की गई अन्य वारदातों का विवरण जुटा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More