करोल बाग के ऑटो मार्केट में चल रहा था नकली पार्ट्स का खेल; नामी ब्रांड के नाम पर बेच रहे थे घटिया समान, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (वेस्टर्न रेंज-1) ने आर्थिक अपराधों और नकली सामानों के खिलाफ जारी अभियान के तहत करोल बाग स्थित ऑटो मार्केट में चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नामी ब्रांडों के नकली मोटरसाइकिल पिस्टन और क्लच प्लेट बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्षित गुप्ता और अभिषेक कुमार गुप्ता के रूप में हुई है, जो संगम विहार के रहने वाले हैं।

डीसीपी क्राइम पंकज कुमार ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि करोल बाग के नाईवाला इलाके में कुछ लोग ‘श्रीराम’ और ‘उषा पिस्टन असेंबली’ जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों के नकली पार्ट्स बेच रहे हैं। ये पार्ट्स होंडा और हीरो जैसी नामी कंपनियों के असली पार्ट्स बताकर ग्राहकों को बेचे जा रहे थे। सूचना की पुष्टि के बाद एसीपी राजकुमार के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर प्रकाश चंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें संबंधित कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया।

3 मई को पुलिस टीम ने नाईवाला की दो दुकानों पर एक साथ छापेमारी की। पहली दुकान से हर्षित गुप्ता को पकड़ा गया, जहाँ से 473 नकली पिस्टन असेंबली और बड़ी संख्या में जाली बॉक्स बरामद हुए। वहीं दूसरी दुकान से अभिषेक कुमार गुप्ता को दबोचा गया, जहाँ से 386 नकली पिस्टन असेंबली और 169 क्लच प्लेट के जाली बॉक्स जब्त किए गए। कुल मिलाकर पुलिस ने 859 नकली पिस्टन और 169 क्लच प्लेट बॉक्स बरामद किए हैं।

पूछताछ के दौरान दोनों भाइयों ने स्वीकार किया कि वे पिछले तीन सालों से बिना किसी लाइसेंस या अधिकार के ये नकली पार्ट्स बेच रहे थे। उन्होंने खुलासा किया कि वे रोजाना लगभग 1000 से 1200 पिस्टन बेचते थे और इससे हर महीने 2 से 3 लाख रुपये की अवैध कमाई कर रहे थे। ये नकली पार्ट्स गाड़ियों के इंजन को गंभीर नुकसान पहुँचा सकते हैं और सड़क सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा करते हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान पता चला है कि ये आरोपी अलग-अलग वेंडरों से ये नकली सामान मंगवाते थे। फिलहाल पुलिस उन वेंडरों और इस पूरी सप्लाई चेन के अन्य सदस्यों का पता लगाने के लिए छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई से ऑटोमोबाइल सेक्टर में नकली सामान बेचने वाले गिरोहों को कड़ा संदेश गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More