चेहरे पर नकाब बांधकर कर चोरी की स्कूटी से कर रहा था स्नैचिंग, लक्ष्मी नगर पुलिस ने कुख्यात स्नैचर पकड़ा, आईफोन-15 और चोरी की स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली जिले के थाना लक्ष्मी नगर की पुलिस टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए इलाके के एक कुख्यात स्नैचर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला से छीना गया एप्पल आईफोन 15 और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की ग्रे रंग की स्कूटी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन (25), निवासी वेस्ट जवाहर पार्क, लक्ष्मी नगर के रूप में हुई है। नितिन थाना लक्ष्मी नगर का घोषित अपराधी है और उस पर पहले से स्नैचिंग व चोरी के 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 30 अप्रैल को लक्ष्मी नगर थाने में मोबाइल स्नैचिंग की एक शिकायत प्राप्त हुई थी। पीड़िता ने बताया कि एक नकाबपोश युवक, जो ग्रे रंग की स्कूटी पर सवार था, ने पहले उनकी सोने की चेन छीनने की कोशिश की। इसमें असफल रहने पर आरोपी ने जबरन उनका आईफोन 15 छीना और गुरु राम दास नगर स्थित बालाजी रसोई की ओर फरार हो गया। इस संबंध में थाना लक्ष्मी नगर में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता और आरोपी के दुस्साहस को देखते हुए थाना प्रभारी लक्ष्मी नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एएसआई ओमप्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल रहीश कुमार, वसीम अकरम और कांस्टेबल देवी सिंह शामिल थे। टीम ने पेशेवर जांच का परिचय देते हुए इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। सीसीटीवी ट्रेल का पीछा करते हुए और तकनीकी सर्विलांस व स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस आरोपी नितिन तक पहुँचने में सफल रही।

सघन पूछताछ के दौरान नितिन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पीड़िता का आईफोन 15 बरामद किया। साथ ही, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी की जांच करने पर पता चला कि वह थाना शकरपुर के इलाके से चोरी की गई थी। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नितिन ने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए स्थानीय निवासियों ने लक्ष्मी नगर पुलिस की सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More