पहली बार किया अपराध और चंद घंटों में धरे गए; वजीरपुर जेजे कॉलोनी के तीन लुटेरे गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के थाना भारत नगर की पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मोबाइल लूट की एक वारदात को सुलझा लिया है। पुलिस ने तीन ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन आसान पैसे कमाने के लालच में उन्होंने अपराध का रास्ता चुना। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सलमान (21), निखिल (19) और अमरदीप उर्फ टुल्ली (26), निवासी वजीरपुर जेजे कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से शिकायतकर्ता का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी अकांक्षा यादव ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि 28 अप्रैल को कृष्णा नामक युवक के साथ ई-ब्लॉक के पास लूट की वारदात हुई थी। जब वह किराना सामान खरीदकर अपना मोबाइल जेब में रख रहा था, तभी तीन लड़कों ने उसे घेर लिया। एक ने मोबाइल छीना, दूसरे ने उसे धक्का दिया और तीसरा मोबाइल लेकर फरार हो गया। इस संबंध में थाना भारत नगर में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राम किशोर के नेतृत्व में एसआई सोनू, हेड कांस्टेबल कपिल, अनिल, आकाश और कांस्टेबल विकास की एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की थी, जिसके बाद मामले में सख्त धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अपने स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया।

तकनीकी निगरानी और पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस ने वजीरपुर इलाके में छापेमारी कर तीनों संदिग्धों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान लूटा गया मोबाइल फोन अमरदीप उर्फ टुल्ली के पास से मिला। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जल्दी और आसानी से पैसे कमाने के चक्कर में इस वारदात को अंजाम दिया था। सत्यापन करने पर पाया गया कि ये तीनों पहली बार अपराध में शामिल हुए हैं। फिलहाल पुलिस इनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इन्होंने क्षेत्र में अन्य छोटी-मोटी वारदातों को भी अंजाम दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय बाजार के दुकानदारों ने राहत की सांस ली है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More