प्रीत विहार में घर लौट रहे ज्वेलर से गन पॉइंट पर की लूट, सोने के जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार थाना क्षेत्र में रविवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलर को निशाना बनाते हुए लूटपाट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मंडावली स्थित अपनी दुकान से घर लौट रहे ज्वेलर से बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनकी स्कूटी, मोबाइल फोन, 75 ग्राम सोने के जेवरात और तीन लाख रुपये नकद लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं।

पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी नगर के गुरु राम दास नगर निवासी सुकुमार धारा मंडावली इलाके में अपनी ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। रविवार रात करीब 10:30 से 10:45 बजे के बीच वह अपनी एक्टिवा स्कूटी से घर लौट रहे थे। जब वह मधुबन रोड स्थित अमूल डेयरी के पास पहुंचे, तभी अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने पीड़ित पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी देकर उनका मोबाइल फोन और स्कूटी छीन ली।

पीड़ित ज्वेलर ने पुलिस को बताया कि स्कूटी की डिग्गी में लगभग 75 ग्राम सोने के गहने और तीन लाख रुपये नकद रखे हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूटी और कीमती सामान लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर प्रीत विहार थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में नाकेबंदी की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला।

पूर्वी जिला पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 311, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। डीसीपी (पूर्वी जिला) के निर्देश पर आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह मामला प्राथमिकता पर है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया माल बरामद कर लिया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More