नबी करीम पुलिस ने स्मैक के साथ शातिर पेडलर को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिले के थाना नबी करीम की पुलिस टीम ने नशे के विरुद्ध जारी अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एक शातिर ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू (28), निवासी मुल्तानी ढांडा, पहाड़गंज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.44 ग्राम स्मैक बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी एक आदतन अपराधी है, जो पहले भी स्नैचिंग, चोरी, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के 7 विभिन्न मामलों में संलिप्त रहा है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि जिले में चल रहे ‘एंटी-ड्रग कैंपेन’ के तहत नबी करीम थाने की पुलिस टीम नशा करने वालों और सप्लायरों के बारे में खुफिया जानकारी विकसित कर रही थी। इसी क्रम में 2 और 3 मई की दरमियानी रात को एक पुख्ता सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर एसीपी पहाड़गंज के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी नबी करीम के नेतृत्व में एएसआई रवि, हेड कांस्टेबल अरविंद, प्रीतम और कांस्टेबल घनश्याम की एक टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने कुर्सी मार्केट स्थित मदर डेयरी बूथ के पास जाल बिछाया और संदिग्ध सोनू को सफलतापूर्वक दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 6.44 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी सोनू ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह स्कूल ड्रॉपआउट है और मजदूरी करता है, लेकिन वह बुरी तरह नशे का आदी है। अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए वह पहाड़गंज निवासी कविता नामक महिला से स्मैक खरीदता था और उसे राहगीरों को बेच देता था। इससे होने वाली कमाई से वह अपने लिए नशा खरीदता था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सोनू के खिलाफ सदर बाजार, नबी करीम और पहाड़गंज थानों में चोरी, स्नैचिंग और नशीले पदार्थों की बिक्री के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मुख्य सप्लायर कविता की तलाश में जुटी है और इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए ‘बैकवर्ड लिंकेज’ की जांच कर रही है। इस प्रभावी कार्रवाई से इलाके में सक्रिय नशा तस्करों के बीच कड़ा संदेश गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More