मंगोलपुरी में नशा तस्करों पर पुलिस का प्रहार, स्मैक सप्लाई करने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली जिले के थाना मंगोलपुरी की पुलिस टीम ने गश्त के दौरान एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमर उर्फ अमरू (46), निवासी मंगोलपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके कब्जे से 4.4 ग्राम स्मैक और 300 रुपये की नकदी बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी एक आदतन अपराधी है और पहले भी चोरी व लूटपाट जैसे नौ अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 30 अप्रैल को थाना मंगोलपुरी की एक पेट्रोलिंग टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल राम स्वरूप, मनजीत और कांस्टेबल अनूप शामिल थे, इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर गश्त पर थी। गश्त के दौरान जब टीम डी-ब्लॉक स्थित ‘जिम वाला पार्क’ के पास पहुंची, तो उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को सफेद प्लास्टिक की थैली ले जाते हुए देखा। पुलिस टीम को देखते ही वह व्यक्ति अचानक मुड़कर भागने लगा।

पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। जब आरोपी के पास मौजूद सफेद थैली की तलाशी ली गई और फील्ड टेस्टिंग किट से जांच की गई, तो उसमें स्मैक होने की पुष्टि हुई। वजन करने पर स्मैक की मात्रा 4.4 ग्राम पाई गई। पुलिस ने मौके से नशीला पदार्थ और बिक्री के 300 रुपये जब्त कर लिए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मंगोलपुरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(A) के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नशा तस्करी की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह स्मैक कहां से लाता था और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का उद्देश्य नशे की इस पूरी सप्लाई चेन का पर्दाफाश करना है। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने पुलिस की सतर्कता की सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More