डमी कस्टमर भेजकर पुलिस ने 65 लाख की हेरोइन समेत सुल्तानपुरी की कुख्यात महिला तस्कर को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली जिले के एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने नशा तस्करों के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सुल्तानपुरी इलाके की एक कुख्यात महिला ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी महिला ‘S’ थाना सुल्तानपुरी की घोषित अपराधी है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से 269 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की बरामदगी को एनडीपीएस एक्ट के तहत ‘कमर्शियल क्वांटिटी’ माना जाता है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस को सुल्तानपुरी इलाके में एक महिला द्वारा नशीले पदार्थों की बड़े पैमाने पर सप्लाई करने की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने ‘डमी कस्टमर’ का सहारा लिया, जिसने नशा खरीदने का सौदा कर महिला की संलिप्तता के पुख्ता सबूत जुटाए। इसके बाद, एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड के इंचार्ज इंस्पेक्टर राजपाल मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई मुकेश, एएसआई जयपाल और महिला हेड कांस्टेबल सुशीला सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

टीम ने रणनीतिक रूप से घेराबंदी की और पेशेवर पुलिसिंग का परिचय देते हुए आरोपी महिला ‘S’ को उसके घर से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक प्लास्टिक के बैग में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर बुलाई गई एफएसएल टीम ने जब फील्ड टेस्टिंग किट से जांच की, तो पदार्थ के ‘हेरोइन’ होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को सील कर दिया और आरोपी महिला के खिलाफ थाना सुल्तानपुरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी महिला काफी समय से नशा तस्करी के धंधे में शामिल है और अपने घर से ही एक संगठित नेटवर्क चला रही थी। वह बेहद गुप्त तरीके से ड्रग्स की सप्लाई करती थी ताकि पुलिस की नजरों से बच सके। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़ी गई महिला का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है और वह पहले से ही 28 आपराधिक मामलों में संलिप्त रही है, जिनमें से अधिकतर मामले एनडीपीएस एक्ट और नशा तस्करी से जुड़े हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से लाती थी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करी की इस पूरी चैन का पर्दाफाश करना और मुख्य सप्लायर तक पहुंचना है। इस बड़ी बरामदगी के बाद इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के विरुद्ध यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More