चोरी की बाइक बेचकर खर्च निकालने वाले दो नाबालिग छावला थाना पुलिस की हिरासत में

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले के थाना छावला की ‘क्रैक टीम’ ने क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इन किशोरों की निशानदेही पर छावला थाने में दर्ज वाहन चोरी के दो अलग-अलग मामलों को सुलझा लिया गया है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि क्षेत्र में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए छावला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम सुंदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में हेड कांस्टेबल सोहन लाल, बालाराम और हेतराम शामिल थे। टीम ने अपराधियों का सुराग लगाने के लिए इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से विश्लेषण किया और अपने सूचना तंत्र को सक्रिय किया।

22 अप्रैल को सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर की ओर लौट रहे हैं। बिना वक्त गंवाए पुलिस टीम ने छापेमारी की और दोनों किशोरों को सफलतापूर्वक पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर छिपाई गई दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं, जो 19 और 20 अप्रैल को छावला इलाके से ही चोरी की गई थीं।

पूछताछ के दौरान इन किशोरों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे नशे के आदी हैं और अपने खर्चों को पूरा करने के लिए उन्होंने पहले छोटी-मोटी चोरियां शुरू की थीं। अधिक पैसा कमाने के लालच में वे मोटरसाइकिल चोरी करने लगे ताकि उन्हें बेचकर मोटी रकम हासिल की जा सके। पकड़े गए किशोरों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन दोनों ने इलाके में अन्य चोरियों को भी अंजाम दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने पुलिस की सतर्कता की सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More