तिलक नगर मेट्रो स्टेशन के पास से चोरी की थी बाइक; पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथों दबोचा, बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के थाना तिलक नगर की पुलिस टीम ने क्षेत्र में स्ट्रीट क्राइम और वाहन चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो वाहन चोरी और मोबाइल छीनने की कई वारदातों में शामिल रहा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर उर्फ जीतू (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी से तिलक नगर थाने में दर्ज चोरी के 3 अलग-अलग मामलों को सुलझा लिया गया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 1 मई को एक सटीक सूचना के आधार पर हेड कांस्टेबल राजू चौधरी और हेड कांस्टेबल सेवा सिंह की टीम ने तिलक नगर इलाके में घेराबंदी की और सागर उर्फ जीतू को धर दबोचा। वह उस समय मोटरसाइकिल पर सवार था। जब वाहन के रिकॉर्ड की जांच की गई, तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल 16 अप्रैल को तिलक नगर इलाके से ही चोरी हुई थी।

सघन पूछताछ के दौरान आरोपी सागर ने स्वीकार किया कि उसने यह मोटरसाइकिल करीब डेढ़ महीने पहले तिलक नगर मेट्रो स्टेशन के पास से चुराई थी और वह इसे बेचने की फिराक में था। तलाशी लेने पर उसके पास से दो और मोबाइल फोन मिले, जो जांच में चोरी के पाए गए। पुलिस ने ‘ई-साक्ष्य’ ऐप के माध्यम से बरामदगी की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की और कानूनी औपचारिकताओं के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़ा गया आरोपी सागर उर्फ जीतू एक आदतन अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह पहले भी चोरी और सेंधमारी के तीन आपराधिक मामलों में शामिल पाया गया है। बरामद किए गए मोबाइल फोन सैमसंग और पोको कंपनी के हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने इन मोबाइलों को कहां से और किन लोगों से छीना था। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने पुलिस की मुस्तैदी की सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More