चोरी की मोटरसाइकिल पर गांजा सप्लाई करने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली जिले के थाना मधु विहार की पुलिस टीम ने क्षेत्र में गश्त के दौरान एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो न केवल नशा तस्करी में लिप्त था बल्कि चोरी की मोटरसाइकिल का भी इस्तेमाल कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवा उर्फ जीवा (22), निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके कब्जे से 50.88 ग्राम गांजा और एक चोरी की होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की है। यह मोटरसाइकिल पिछले साल रानी बाग इलाके से चोरी की गई थी।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि जिले में ड्रग्स और स्ट्रीट क्राइम को रोकने के लिए थाना मधु विहार की पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही है। इसी क्रम में 30 अप्रैल को कांस्टेबल प्रमोद और कांस्टेबल वीरेंद्र आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड के पास गश्त पर थे। तभी उन्होंने एक संदिग्ध युवक को देखा, जो पुलिस को देखकर घबरा गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।

जब आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक प्लास्टिक की थैली में गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक मशीन से वजन करने पर गांजे की मात्रा 50.88 ग्राम पाई गई। इसके बाद पुलिस ने उसके पास मौजूद बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल की जांच ज़िपनेट पर की। जांच में पता चला कि वह मोटरसाइकिल वर्ष 2025 में थाना रानी बाग से चोरी हुई थी। पुलिस ने तुरंत एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी जीवा ने खुलासा किया कि वह गांजा और स्मैक का बुरी तरह आदी है। अपनी इस महंगी लत को पूरा करने के लिए उसने करीब 9 महीने पहले रानी बाग से मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसी का इस्तेमाल वह नशे की सप्लाई और आवाजाही के लिए कर रहा था। उसने यह भी बताया कि वह गाजीपुर लैंडफिल के पास एक स्थानीय सप्लायर से गांजा खरीदता था।

आरोपी का पिछला रिकॉर्ड खंगाला गया तो पता चला कि वह पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि गाजीपुर के उस सप्लायर का पता लगाया जा सके जहाँ से वह नशा लाता था। पुलिस इस मामले में बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि नशे के इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More