नशा माफियाओं पर शाहदरा पुलिस का प्रहार: भारी मात्रा में गांजा जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए पिछले 48 घंटों में तीन अलग-अलग सफल ऑपरेशंस को अंजाम दिया है। विवेक विहार और फर्श बाजार थाना पुलिस की टीमों ने सक्रियता दिखाते हुए तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से कुल 1.944 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए सभी आरोपी पुराने अपराधी हैं और उनके खिलाफ लूट व चोरी जैसे दर्जनों मामले दर्ज हैं। शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के नेतृत्व में इन कार्रवाइयों ने स्थानीय नशा माफियाओं के नेटवर्क को हिलाकर रख दिया है।

पहली कार्रवाई विवेक विहार थाने की टीम द्वारा की गई, जहाँ सिविल ड्रेस में गश्त कर रहे एएसआई कुलदीप और उनकी टीम ने कस्तूरबा नगर अंडरपास के पास एक संदिग्ध युवक को भागते हुए देखा। पुलिस ने ‘चेज एंड कैच’ रणनीति के तहत आरोपी गौरव गुप्ता उर्फ कालिया (25) को दबोच लिया, जिसके पास मौजूद प्लास्टिक बैग से 650 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कालिया के खिलाफ पहले से ही 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

दूसरी और तीसरी कार्रवाई फर्श बाजार थाना पुलिस द्वारा रात की गश्त के दौरान की गई। 28 अप्रैल की रात करीब 11:00 बजे पुलिस टीम ने कीयान बैंक्वेट हॉल के पास से निजामुद्दीन उर्फ टोनू (36) को गिरफ्तार किया। टोनू फर्श बाजार थाने का घोषित अपराधी है और उसके पास से 779 ग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं, 29 अप्रैल की रात 10:00 बजे बीट स्टाफ ने भोलानाथ नगर रेलवे लाइन के पास से मुकेश (32) नामक व्यक्ति को दबोचा, जिसके पास से 515 ग्राम गांजा मिला। मुकेश भी पहले 5 मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने इन तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस अब इन तस्करों के पूरे सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है ताकि नशे के इस अवैध कारोबार को जड़ से खत्म किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More