ड्यूटी पर गए सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध मौत, निर्माणाधीन अस्पताल की झाड़ियों में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के राज पार्क थाना क्षेत्र स्थित जलेबी चौक के पास एक निर्माणाधीन अस्पताल परिसर में 37 वर्षीय सुरक्षा गार्ड का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुलतानपुरी निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। वह इसी निर्माण स्थल पर रात की ड्यूटी पर तैनात था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सुनील कुमार 29 अप्रैल की रात 8:00 बजे अपनी ड्यूटी पर रिपोर्ट करने घर से निकला था। अगले दिन सुबह जब वह समय पर घर नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने सुबह करीब 11:18 बजे पुलिस को उसकी गुमशुदगी की सूचना दी। तलाश के दौरान सुनील का शव निर्माणाधीन अस्पताल की बाउंड्री वॉल के अंदर झाड़ियों में पड़ा मिला। यह क्षेत्र काफी सुनसान है और वहां बिजली की व्यवस्था भी नहीं थी।

बाहरी जिले के डीसीपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक कथित तौर पर नशीले पदार्थों का सेवन करने का आदी था। फिलहाल पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत इनक्वेस्ट कार्यवाही शुरू कर दी है।

शुक्रवार को पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस टीम कार्यस्थल पर मौजूद अन्य गार्डों और सुनील के परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसकी मौत किसी हादसे का परिणाम थी या इसके पीछे कोई और कारण रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More