नाबालिगों को ढाल बनाकर करवाता था कत्ल: अशोक विहार मर्डर केस का मास्टरमाइंड मुठभेड़ के बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की अशोक विहार थाना पुलिस (चौकी WPIA) ने साहस और पेशेवर कार्यकुशलता का परिचय देते हुए एक सनसनीखेज हत्या मामले में वांछित मुख्य आरोपी सूरज उर्फ काके उर्फ काना (26) को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर सीधा फायर कर दिया, जो हेड कांस्टेबल पवन यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगा। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल देशी कट्टा और चोरी की स्कूटी बरामद हुई है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 29 अप्रैल की सुबह वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में आपसी विवाद के चलते दीपक नामक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सूरज उर्फ काके ने ही एक नाबालिग को चाकू थमाते हुए उसे उकसाया था कि वह नाबालिग है, इसलिए उसे कम सजा होगी। इसके बाद नाबालिग ने दीपक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

आरोपी की तलाश में जुटी अशोक विहार पुलिस की टीम को 30 अप्रैल की सुबह सूचना मिली कि आरोपी प्रेमबाड़ी पुल के पास आने वाला है। तड़के 3:15 बजे जब पुलिस ने स्कूटी सवार सूरज को रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। सौभाग्य से गोली हेड कांस्टेबल पवन यादव की जैकेट पर लगी। आरोपी ने दोबारा फायर करने की कोशिश की लेकिन उसका हथियार मिसफायर हो गया। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी के पैर पर निशाना लगाकर उसे नियंत्रित किया।

पुलिस जांच में एक चौंकाने वाली कार्यप्रणाली सामने आई है। आरोपी सूरज उर्फ काके नाबालिगों को पैसे का लालच देकर अपराध के लिए उकसाता था और खुद पर्दे के पीछे रहता था ताकि कानून की गिरफ्त से बचा रहे। वह नाबालिगों को यह पट्टी पढ़ाता था कि कम उम्र होने के कारण वे जल्दी जेल से बाहर आ जाएंगे। आरोपी पहले भी अशोक विहार थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में शामिल रहा है।

पुलिस ने सूरज के साथ-साथ उसके अन्य साथियों करण, सूरज उर्फ दाढ़ी, आशीष उर्फ सिंघम और कत्ल में शामिल नाबालिग को भी हिरासत में ले लिया है। आरोपी के कब्जे से बरामद स्कूटी राजौरी गार्डन इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस ने हत्या के मामले के साथ-साथ पुलिस टीम पर हमला करने और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया है। घायल आरोपी को अस्पताल पहुंचाया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More