खूंखार कुत्तों के ‘किले’ को भेदकर रजाइयों में छिपी चोरनी को पुलिस ने दबोचा, 2 किलो सोना बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की शालीमार बाग थाना पुलिस ने एक फिल्मी अंदाज वाले और बेहद चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को अंजाम देते हुए एक शातिर महिला चोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोना उर्फ के. सोनिया (45) निवासी रोहिणी के रूप में हुई है। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपने घर को खूंखार पिटबुल और अमेरिकन बुली जैसे कुत्तों के जरिए एक ‘किले’ में तब्दील कर रखा था। पुलिस ने न केवल उसे दबोचा, बल्कि उसकी निशानदेही पर विभिन्न बैंकों में गिरवी रखा गया लगभग 2 किलोग्राम सोना और 1 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 19 अप्रैल को विजय पाल गुप्ता ने अपने घर में काम करने वाली नौकरानी द्वारा चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में शालीमार बाग थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसीपी रोहित गुप्ता और एसएचओ रामपाल के नेतृत्व में एसआई जोगेंद्र व उनकी टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी महिला का पीछा किया।

जब पुलिस टीम ने आरोपी के रोहिणी स्थित ठिकाने पर छापेमारी की, तो वहां का नजारा देख दंग रह गई। आरोपी सोनिया ने पुलिस की एंट्री रोकने के लिए घर के बाहर और अंदर पिटबुल, अमेरिकन बुली और हाइब्रिड नस्ल के खतरनाक कुत्तों को तैनात कर रखा था। इस ‘डॉग फोर्ट्रेस’ (कुत्तों के किले) को भेदना पुलिस के लिए जान जोखिम में डालने जैसा था। हालांकि, टीम ने साहस और रणनीतिक सूझबूझ दिखाते हुए कुत्तों को नियंत्रित किया और घर में प्रवेश किया। तलाशी के दौरान आरोपी महिला बिस्तर पर रजाइयों के ढेर के नीचे छिपी मिली, जिसे पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में एक बड़े वित्तीय नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी किए गए सोने के आभूषणों को मुथूट फिनकॉर्प, मुथूट फाइनेंस और फेड बैंक जैसे संस्थानों में गिरवी रखकर भारी भरकम लोन लिया था। जांच के दौरान पुलिस को अब तक 15 गोल्ड लोन अकाउंट्स का पता चला है, जिनमें करीब 2 किलोग्राम सोना गिरवी रखा गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी का बैंक खाता फ्रीज कर दिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सोनिया एक आदतन अपराधी है और पहले भी पंजाबी बाग थाने में दर्ज डकैती और लूट के मामले में संलिप्त रही है। उसकी गिरफ्तारी से मौर्य एन्क्लेव और शालीमार बाग थाने के चोरी के दो अन्य मामलों को भी सुलझा लिया गया है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस अब उन सहयोगियों की तलाश कर रही है जिन्होंने इस चोरी के माल को खपाने में सोनिया की मदद की। इस साहसिक ऑपरेशन ने इलाके में पुलिस की कार्यकुशलता की मिसाल पेश की है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More