कार की टक्कर के बाद डाबरी फ्लाईओवर से नीचे गिरा जोमैटो डिलीवरी बॉय, हुई मौत, कार चालक फरार

नई दिल्ली: दिल्ली के जनकपुरी थाना क्षेत्र में डाबरी फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसा इतना भयानक था कि कार की टक्कर के बाद स्कूटी सवार युवक फ्लाईओवर से सीधे नीचे जा गिरा। मृतक की पहचान झारखंड के गोड्डा निवासी राजकुमार के रूप में हुई है, जो दिल्ली में जोमैटो में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जनकपुरी थाने को सुबह करीब 7:35 बजे पीसीआर कॉल मिली कि एक व्यक्ति डाबरी फ्लाईओवर से नीचे गिर गया है और उसे एंबुलेंस की सख्त जरूरत है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पंखा रोड स्थित डाबरी फ्लाईओवर पर पहुंची। वहां एक स्कूटी और एक मारुति स्विफ्ट कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिलीं। जांच में पता चला कि कार ने स्कूटी को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि राजकुमार संतुलन खो बैठा और फ्लाईओवर की रेलिंग को पार करते हुए नीचे सड़क पर जा गिरा।

राहगीरों और पुलिस की मदद से घायल राजकुमार को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे ब्रॉट डेड घोषित कर दिया। मृतक राजकुमार मूल रूप से झारखंड के गोड्डा जिले के पटवार गांव का रहने वाला था। पुलिस ने शव को सुरक्षित मोर्चरी में रखवा दिया है और उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

हादसे के बाद आरोपी कार चालक अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दुर्घटना में शामिल कार डाबरी पार्ट-2 निवासी शंकर के नाम पर पंजीकृत है। जनकपुरी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 125A और 106 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस की टीमें फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। साथ ही, फ्लाईओवर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे की सटीक कड़ियों को जोड़ा जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More