आदर्श नगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत 3 लापता नाबालिगों को खोजा, परिवारों में लौटी खुशियां

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की आदर्श नगर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत सराहनीय कार्य करते हुए तीन लापता नाबालिगों को सफलतापूर्वक खोज निकाला है। पुलिस की विशेष टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो किशोरियों और एक 10 वर्षीय मासूम लड़के को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के इन समर्पित प्रयासों के चलते न केवल कानूनी औपचारिकताएं पूरी हुईं, बल्कि बिछड़े बच्चों को पाकर परिवारों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि आदर्श नगर थाना क्षेत्र में अलग-अलग समय पर नाबालिगों के लापता होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी जहांगीर पुरी योगेंद्र खोखर के मार्गदर्शन और आदर्श नगर एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार भाकर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने स्थानीय खुफिया जानकारी, तकनीकी निगरानी और जमीनी सत्यापन के माध्यम से सघन खोज अभियान चलाया।

पुलिस की इस मुस्तैदी का परिणाम यह रहा कि 29 अप्रैल को तीनों लापता बच्चों को विभिन्न स्थानों से सुरक्षित ढूंढ लिया गया। पहले मामले में एएसआई राजेंद्र और उनकी टीम ने 10 साल के एक नाबालिग लड़के को खोज निकाला। दूसरे मामले में एसआई राम और उनकी टीम ने 17 वर्षीय एक किशोरी को बरामद किया, जो साल 2021 से दर्ज एक पुराने मामले में लापता थी। तीसरे मामले में भी 17 वर्ष की एक अन्य किशोरी को आदर्श नगर स्टाफ ने सफलतापूर्वक ट्रेस कर लिया।

डीसीपी ने बताया कि तीनों नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उन्हें आवश्यक कानूनी कार्यवाही के बाद उनके माता-पिता को सौंप दिया गया है। यह सफलता दिल्ली पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मिलाप’ की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसका मुख्य उद्देश्य लापता और अपहृत बच्चों को उनके परिवारों से मिलाना है। पुलिस की इस तत्परता की क्षेत्र के निवासियों और पीड़ित परिवारों ने जमकर प्रशंसा की है। फिलहाल पुलिस ऐसे अन्य मामलों को सुलझाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More