मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़े गए दो शातिर चोर, चोरी की 2 स्कूटियां बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की आदर्श नगर थाना पुलिस ने सड़क पर अपराध रोकने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के अभियान के तहत दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहिद (25) और शाकिर (23) के रूप में हुई है, जो शकूरपुर की जे.जे. कॉलोनी के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की दो स्कूटियां बरामद की हैं, जो हाल ही में आदर्श नगर क्षेत्र से चोरी हुई थीं। आरोपी शाहिद एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 29 अप्रैल को एसएचओ आदर्श नगर इंस्पेक्टर राजेश कुमार भाकर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मुकेश और विपिन मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थे। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने स्कूटी पर सवार दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर दोनों को दबोच लिया।

पकड़े गए युवकों की स्कूटी की जांच जिपनेट के माध्यम से की गई, तो पता चला कि वह 27 अप्रैल को आदर्श नगर थाने से चोरी हुई थी। पूछताछ के दौरान दोनों ने जुर्म कबूल किया और उनकी निशानदेही पर एक अन्य चोरी की स्कूटी भी बरामद की गई, जो उसी दिन क्षेत्र के दूसरे हिस्से से चोरी की गई थी। आरोपियों ने बताया कि वे शराब और नशे के शौकीन हैं और अपनी इस लत को पूरा करने के लिए ‘आसान पैसा’ कमाने हेतु वाहन चोरी करते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी शाहिद एक आदतन अपराधी है और वह लूट, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट के 9 मामलों में पहले से संलिप्त रहा है। उसकी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ ‘बैड कैरेक्टर’ की कार्यवाही शुरू कर दी है। उसका छोटा भाई शाकिर भी चोरी के एक मामले में शामिल पाया गया है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन चोरी के वाहनों का इस्तेमाल किसी अन्य बड़ी वारदात में तो नहीं किया जाना था। फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More