रात के अंधेरे में वाहन उड़ाते थे किशोर, सैर-सपाटे के बाद सुनसान जगह छोड़ देते थे स्कूटी, दो स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले की नबी करीम थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए दो किशोरों को पकड़ा है, जो मौज-मस्ती और घूमने के लिए गलियों में खड़ी स्कूटी चोरी करते थे। इन किशोरों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की हैं। जांच में सामने आया कि ये किशोर स्कूटी चोरी करने के बाद इलाके में घूमते थे और पकड़े जाने के डर से उन्हें लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो जाते थे।

मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 25 और 27 अप्रैल को पहाड़गंज के मुल्तानी ढांडा निवासी दो व्यक्तियों ने अपनी एक्टिवा स्कूटी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों वारदातें उनके घरों के सामने वाली गली नंबर 4 और 5 से हुई थीं। एक ही इलाके में कम समय के अंतराल पर हुई इन चोरियों को गंभीरता से लेते हुए नबी करीम थाने के एसएचओ गुलशन नागपाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल विकास, नितिन, कांस्टेबल संजय और मनदीप शामिल थे।

जांच टीम ने नबी करीम और आसपास के इलाकों के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि देर रात कुछ लड़के गलियों में घूम रहे हैं और वाहनों को निशाना बना रहे हैं। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने और तकनीकी सर्विलांस के बाद पुलिस ने दो संदिग्ध किशोरों की पहचान की। 29 अप्रैल को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास पुल पहाड़गंज रेलवे यार्ड से दोनों को पकड़ लिया गया।

पूछताछ के दौरान पकड़े गए किशोरों (जिनकी उम्र 12 और 13 वर्ष है) ने खुलासा किया कि वे रात के समय गलियों में रेकी करते थे और मौका पाकर स्कूटी चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वे उन स्कूटियों से शहर में घूमते थे और बाद में उन्हें सदर बाजार और पहाड़गंज के सुनसान इलाकों में छोड़ देते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दोनों चोरी की स्कूटियां बरामद कर ली हैं।

डीसीपी ने बताया कि इन किशोरों के पकड़े जाने से दो ई-एफआईआर का सफल खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस नियमानुसार आगे की कार्यवाही कर रही है और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि इन किशोरों को सही मार्गदर्शन मिले ताकि वे दोबारा अपराध की राह पर न चलें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More