स्पेशल स्टाफ ने रंजीत नगर का शातिर स्नैचर को पकड़ा, लूटा हुआ आईफोन 14 प्रो बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक कुख्यात और शातिर स्नैचर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल उर्फ गांजा उर्फ नागेंद्र (34) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के रघुबीर नगर का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रंजीत नगर इलाके से लूटा गया आईफोन 14 प्रो बरामद किया है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने रंजीत नगर थाने में दर्ज स्नैचिंग के एक हालिया मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है।

मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि जिले में स्नैचिंग और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए स्पेशल स्टाफ को विशेष कार्य सौंपा गया था। इसी क्रम में 27 अप्रैल को स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली कि स्नैचिंग की कई वारदातों में शामिल एक आदतन अपराधी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास आने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसीपी ऑपरेशंस पदम सिंह राणा के मार्गदर्शन और स्पेशल स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर रोहित कुमार के नेतृत्व में एक समर्पित टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल मुनेश शर्मा, रोहिताश, प्रवीण और कांस्टेबल सूरजपाल शामिल थे।

पुलिस टीम ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की मल्टीलेवल पार्किंग के पास जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा, मुखबिर की निशानदेही पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक आईफोन 14 प्रो बरामद हुआ। जांच करने पर पता चला कि यह मोबाइल फोन 24 अप्रैल को रंजीत नगर इलाके से छीना गया था, जिसके संबंध में ई-एफआईआर दर्ज थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल उर्फ गांजा ने खुलासा किया कि वह दिल्ली के विभिन्न इलाकों में मोबाइल छीनने और लूटपाट की कई वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी एक पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही उत्तम नगर थाने में डकैती और लूट के दो मामले तथा आदर्श नगर थाने में चोरी का एक मामला दर्ज है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके द्वारा बेचे गए अन्य मोबाइल फोनों और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More