जीटीबी एन्क्लेव पुलिस ने बंद घरों को निशाना बनाने वाला शातिर सेंधमार को किया गिरफ्तार, 30 लाख की ज्वेलरी और कैश जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले की जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस ने सेंधमारी की वारदातों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कुख्यात और आदतन सेंधमार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जहांगीर उर्फ भाकू उर्फ शाहिद (34) के रूप में हुई है, जो नई सीमापुरी, दिल्ली का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण और 64,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने जीटीबी एन्क्लेव थाने में दर्ज चोरी के 4 महत्वपूर्ण मामलों का खुलासा किया है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि इलाके में चोरी की बढ़ती वारदातों को देखते हुए जीटीबी एन्क्लेव थाने की एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में एएसआई कर्मवीर, हेड कांस्टेबल मोहित मलिक, सुधीर यादव, मनीष कुमार और रोहित हुड्डा शामिल थे। जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी जहांगीर को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पांच सोने की चेन, एक गोल्ड लॉकेट, पांच सोने की अंगूठी, चार सोने के कड़े (ब्रेसलेट), 15 चांदी की पायल और अन्य कीमती आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी इतना शातिर है कि वह जीटीबी एन्क्लेव और दिलशाद गार्डन जैसे इलाकों में बंद घरों की रेकी करता था। वह विशेष रूप से उन घरों को निशाना बनाता था जिनकी लाइटें बंद होती थीं या जिनके बगल में निर्माणाधीन इमारतें होती थीं, ताकि वह आसानी से छत के जरिए प्रवेश कर सके।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जहांगीर एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही विवेक विहार, सीमापुरी और ज्योति नगर थानों में चोरी और सेंधमारी के 10 संगीन मामले दर्ज हैं। वह कई मामलों में कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था, जिसके कारण उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट और धारा 82 की कार्यवाही भी चल रही थी। आरोपी पेशे से मजदूर है, लेकिन नशे की लत और बुरी संगत के कारण वह अपराध की दुनिया में आ गया। वह चोरी के गहनों को स्थानीय कबाड़ियों और रेहड़ी-पटरी वालों के माध्यम से बेचता था और पैसों को ड्रग्स पर खर्च करता था।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है जो आरोपी से चोरी का सामान खरीदते थे। इस सफल ऑपरेशन से क्षेत्र में सक्रिय सेंधमारों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों और उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More