मैदान गढ़ी पुलिस का नशे के कारोबार पर प्रहार, भारी मात्रा में कोकीन के साथ दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण जिले की मैदान गढ़ी थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कमर्शियल मात्रा में कोकीन और अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिजीओके विजडम (26) और चिकोज़ी (43) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नाइजीरिया के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 102 ग्राम कोकीन (कमर्शियल मात्रा), 13 ग्राम एमडीएमए और 85 ग्राम मेथाक्वालोन बरामद की है। दोनों आरोपी बिना वैध वीजा के भारत में अवैध रूप से रह रहे थे।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 27 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो विदेशी नागरिक मैदान गढ़ी इलाके में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने के लिए आने वाले हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसीपी महरौली के पर्यवेक्षण और एसएचओ मैदान गढ़ी के नेतृत्व में एक विशेष रेडिंग टीम गठित की गई। टीम में एसआई नरेंद्र कुमार, एएसआई राधा किशन, हेड कांस्टेबल रवि, अनूप, राजेंद्र और विनोद शामिल थे।

पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर जाल बिछाया और संदिग्धों की निगरानी शुरू की। रात करीब 10:30 बजे पुलिस ने एक स्कूटी पर सवार दो विदेशी नागरिकों को आते देखा। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में कोकीन और अन्य साइकोट्रोपिक पदार्थ बरामद हुए। आरोपियों को तुरंत हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मैदान गढ़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चिजीओके विजडम पिछले एक साल से भारत में बिना वीजा के रह रहा है और पहले भी हजरत निजामुद्दीन थाने में ड्रग्स तस्करी के मामले में शामिल रहा है। वहीं, दूसरा आरोपी चिकोज़ी साल 2014 में द्वारका जिले के डाबरी मोड़ थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में संलिप्त पाया गया है। दोनों आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से दिल्ली में रहकर ड्रग्स तस्करी का गिरोह चला रहे थे।

डीसीपी ने बताया कि इस सफल ऑपरेशन से इलाके में नशीले पदार्थों की अवैध सप्लाई चेन को तोड़ने में बड़ी मदद मिली है। पुलिस अब इन तस्करों के स्थानीय संपर्कों और इस सिंडिकेट के मुख्य सरगनाओं का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को और मजबूत करती है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी ताकि उनके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More