उत्तम नगर के दोहरे हत्याकांड में शामिल भगोड़ा आरोपी राजस्थान के ब्यावर से गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तम नगर इलाके में हुए दोहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी को राजस्थान के ब्यावर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश उर्फ अक्की (24) के रूप में हुई है, जो उत्तम नगर की काली बस्ती का निवासी है। आरोपी को अदालत द्वारा भगोड़ा भी घोषित किया जा चुका था। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने 21 दिसंबर 2025 को हुई निजामुद्दीन और मोहम्मद समीर की नृशंस हत्या के मामले को पूरी तरह सुलझा लिया है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि बीती 21 दिसंबर को उत्तम नगर की काली बस्ती में सुमित, निखिल और आकाश उर्फ अक्की ने पुरानी रंजिश के चलते निजामुद्दीन और मोहम्मद समीर पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। इस हमले में निजामुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि समीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस संबंध में उत्तम नगर थाने में हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में दो आरोपियों (सुमित और निखिल) को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन आकाश लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक की देखरेख में स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई जयबीर, एएसआई करतार, हेड कांस्टेबल कुलदीप, परवीन और कांस्टेबल हेमराज शामिल थे। पुलिस ने आरोपी और उसके परिजनों को तकनीकी सर्विलांस पर रखा और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया।

जांच के दौरान 22 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि आकाश राजस्थान के ब्यावर जिले में छिपकर रह रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत राजस्थान पहुंचकर छापेमारी की और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी आकाश उर्फ अक्की को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर आपसी रंजिश के कारण इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपने दोस्त पुनीत के पास छिपकर रह रहा था और अलग-अलग नंबरों का इस्तेमाल कर अपने परिचितों से बात करता था। आरोपी केवल 5वीं कक्षा तक पढ़ा है और पहले भी आबकारी अधिनियम के एक मामले में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी को दिल्ली ले आई है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More