एमसडी दफ्तर की छत से गिरकर सहायक स्वच्छता निरीक्षक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र स्थित केशव चौक के पास एक दुखद घटना में एमसीडी के एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान 58 वर्षीय राजकुमार के रूप में हुई है, जो एमसीडी में सहायक स्वच्छता निरीक्षक के पद पर तैनात थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जेपीसी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, उन्हें बुधवार दोपहर करीब 3:07 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि केशव चौक के पास स्थित एमसीडी बिल्डिंग की छत से एक व्यक्ति नीचे गिर गया है। सूचना मिलते ही वेलकम थाना पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। घायल राजकुमार को तत्काल नजदीकी जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने फिलहाल भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। कर्मचारी की छत से गिरने की खबर के बाद से एमसीडी कार्यालय में शोक की लहर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More