पिकेट चेकिंग के दौरान हथियारबंद स्नेचर गिरफ्तार, एक पिस्तौल और चोरी की बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने स्पेशल पिकेट चेकिंग के दौरान एक कुख्यात और शातिर स्नेचर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोएब खान उर्फ शिब्बू (24) के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के लोनी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज स्नेचिंग और चोरी के 7 गंभीर मामलों का खुलासा किया है।

उत्तर जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 26 अप्रैल की रात कोतवाली थाना पुलिस की टीम गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास पिकेट लगाकर चेकिंग कर रही थी। रात करीब नौ बजे पुलिस को कश्मीरी गेट की ओर से आते हुए दो संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे यू-टर्न लेकर भागने लगे, लेकिन पिकेट पर ट्रैफिक के कारण फंस गए। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख वे बाइक छोड़कर भागने लगे, जिस पर पुलिस ने पीछा कर शोएब खान को दबोच लिया, हालांकि उसका साथी इमरान उर्फ सोनू मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

जांच में पता चला कि आरोपी जिस मोटरसाइकिल पर सवार थे, उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। चेसिस नंबर की जांच करने पर पता चला कि यह बाइक 15 मार्च को लाजपत नगर इलाके से चोरी हुई थी। तलाशी लेने पर उनके पास से कपड़ों से भरा एक बैग भी मिला। पूछताछ में आरोपी शोएब ने खुलासा किया कि वह पिछले 2-3 महीनों से अपने साथी इमरान के साथ मिलकर अपराध कर रहा था। पुलिस से बचने के लिए वे वारदात के बाद अपने कपड़े बदल लेते थे और पीड़ितों को डराने के लिए अवैध पिस्तौल का इस्तेमाल करते थे।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी शोएब पिछले 8 वर्षों से आपराधिक गतिविधियों में शामिल है और उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में स्नेचिंग व चोरी के 8 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस टीम फरार आरोपी इमरान की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस सफल ऑपरेशन के बाद अब शोएब से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उसके नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More