बुराड़ी पुलिस ने तीन घंटे में सुलझाई मोबाइल लूट की वारदात, दो गिरफ्तार, मोबाइल और बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर जिले की बुराड़ी थाना पुलिस ने मोबाइल लूट की एक वारदात को महज तीन घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन (30) और विशाल (26) के रूप में हुई है, जो वजीराबाद के संत नगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी से बुराड़ी, वजीराबाद और तिमारपुर थानों में दर्ज स्नेचिंग के कुल 6 मामलों का खुलासा हुआ है।

उत्तर जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 26 अप्रैल को बुराड़ी थाने में एक किशोर ने फोन छीनने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि ओस्कर पब्लिक स्कूल के पास कॉल पर बात करते समय दो बदमाशों ने उसका ‘विवो’ मोबाइल छीन लिया और स्वरूप नगर की ओर फरार हो गए। इस घटना के बाद बुराड़ी एसीपी शशिकांत गौड़ के मार्गदर्शन और एसएचओ गिरीश चंद्र रतूड़ी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिसमें बदमाशों की मोटरसाइकिल का नंबर स्पष्ट दिख गया। गाड़ी की ओनरशिप जांचने पर पता चला कि वह वजीराबाद के संत नगर निवासी विशाल की है। पुलिस जब विशाल के घर पहुंची तो वह वहां नहीं था, लेकिन फोटो के आधार पर स्थानीय मुखबिरों की मदद से दूसरे आरोपी सचिन की पहचान हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर उनके घर से धर दबोचा।

पूछताछ में पता चला कि सचिन वजीराबाद इलाके का एक सक्रिय अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही 14 मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी लत व पैसों की जरूरतों को पूरा करने के लिए लूटपाट करते थे। सचिन अपने दिव्यांग भाई के साथ मिलकर यूट्यूब वीडियो भी बनाता है, जबकि विशाल रैपिडो राइडर के रूप में काम करता था। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने बुराड़ी, वजीराबाद और तिमारपुर इलाके में हुई कई वारदातों को कबूल किया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More