AATS ने शातिर जेबकतरा को 5 चोरी के मोबाइल के साथ किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने इलाके में मोबाइल चोरी और जेबकतरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद यूसुफ (40) के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें से एक मोबाइल मधु विहार थाने में दर्ज चोरी के मामले से लिंक पाया गया है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है और वह पहले भी 15 संगीन मामलों में शामिल रहा है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि जिले में मोबाइल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशंस विंग को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत एसीपी पवन कुमार के नेतृत्व और इंस्पेक्टर पवन यादव के मार्गदर्शन में एक टीम का गठन किया गया था। टीम ने गुप्त सूचनाओं और मानवी इंटेलिजेंस का उपयोग करते हुए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई थी।

25 अप्रैल को मिली एक ठोस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गाजीपुर थाना क्षेत्र के पेपर मार्केट इलाके में छापेमारी की, जहां मोहम्मद यूसुफ को संदिग्ध हालत में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 5 मोबाइल फोन बरामद हुए। तकनीकी जांच के दौरान इनमें से एक ‘रियलमी’ फोन का संबंध मधु विहार थाने में 2025 में दर्ज एक चोरी के मामले से पाया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए ही वह इस तरह की वारदातों को अंजाम देता था। वह अक्सर बस टर्मिनल, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले बाजारों में लोगों की जेबों से मोबाइल चुराता था और उन्हें सस्ते दामों पर बेच देता था। डीसीपी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और उससे पूछताछ जारी है ताकि उसके द्वारा बेचे गए अन्य मोबाइल फोन और गिरोह के अन्य संपर्कों का पता लगाया जा सके। पूर्वी दिल्ली पुलिस की यह कार्रवाई स्ट्रीट क्राइम को रोकने में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More