ख्याला इलाके में अवैध शराब का कारोबार कर रहे तस्कर को पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा, 52 कार्टन अवैध शराब बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिले की ख्याला थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसते हुए एक कुख्यात और आदतन शराब तस्कर को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल बजरंगी (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 52 कार्टन, जिनमें 2550 अवैध शराब के क्वार्टर और 12 बोतलें शामिल हैं, बरामद की हैं। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है।

पश्चिम जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। 28 अप्रैल 2026 को कांस्टेबल अशोक को ख्याला की जेजे कॉलोनी के पास अवैध शराब की स्टॉक और बिक्री के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तिलक नगर की एसीपी गरिमा तिवारी और ख्याला थाना एसएचओ के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल अशोक शामिल थे।

पुलिस टीम ने मौके पर जाल बिछाया और सुबह करीब 11:10 बजे विशाल बजरंगी को रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 52 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई। इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई है। मामले में ख्याला थाने में दिल्ली उत्पाद शुल्क अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि विशाल बजरंगी एक आदतन शराब तस्कर है। उसके खिलाफ ख्याला थाने में पहले से ही 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो सभी उत्पाद शुल्क अधिनियम से जुड़े हैं। डीसीपी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड ली जाएगी ताकि बरामद की गई अवैध शराब के स्रोत और उसके पूरे सप्लाई चेन नेटवर्क का पता लगाया जा सके। इस गिरफ्तारी से इलाके में अवैध शराब के धंधे पर बड़ा प्रहार हुआ है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More