राणहोला थाना पुलिस की पैट्रोलिंग टीम ने शातिर बदमाश चाकू और चोरी की स्कूटी के साथ किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिले की राणहोला थाना पुलिस की पैट्रोलिंग टीम ने क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बापोला निवासी दीपक उर्फ दीपका (27) के रूप में हुई है, जो राणहोला थाने का घोषित बदमाश (बीसी) है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू, एक चोरी का मोबाइल और एक चोरी की स्कूटी बरामद की है। यह स्कूटी हाल ही में लूट की एक वारदात में इस्तेमाल की गई थी।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 26 अप्रैल की रात राणहोला थाने की पैट्रोलिंग टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल कोमिश और कांस्टेबल मोनू शामिल थे, बापरोला इलाके में गश्त कर रही थी। गंदा नाला, हरफूल विहार के पास पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को स्कूटी पर आते देखा। पुलिस को देखकर उसने अचानक यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की, जिससे टीम को शक हुआ। पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया।

तलाशी लेने पर उसके पास से एक बटनदार चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में पता चला कि यह मोबाइल फोन राणहोला थाने में दर्ज चोरी की ई-एफआईआर से संबंधित है। इसके साथ ही, बरामद स्कूटी का उपयोग बीती 3 जनवरी को राणहोला थाने में दर्ज एक लूट के मामले में किया गया था। आरोपी दीपक इस लूट के मामले में वांछित चल रहा था।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और दिल्ली के विभिन्न थानों में उस पर लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से राणहोला थाने में दर्ज दो महत्वपूर्ण मामलों का खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की अन्य वारदातों के बारे में सुराग मिल सके। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सभी बरामद सामान को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More