दिल्ली में चल रहा था ऑनलाइन सट्टेबाजी का काला कारोबार, बिंदापुर थाना पुलिस ने तीन को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले की बिंदापुर थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी (बेंटिंग) के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से एक किराए के मकान में रहकर ‘रेड्डी अन्ना’ नामक ऐप के जरिए मैच और कैसीनो में सट्टा खिला रहे थे। पुलिस ने इनके पास से एक लैपटॉप, 6 मोबाइल फोन, 20 डेबिट कार्ड, 4 बैंक पासबुक और 2 चेक बुक बरामद की हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि ओम विहार स्थित दयाल सर रोड पर तीन युवक पिछले 8-10 दिनों से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं और लगातार लैपटॉप व मोबाइल पर काम कर रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर नरेश सांगवान की देखरेख में इंस्पेक्टर मनोज भास्कर, हेड कांस्टेबल नीरज, मोहित और कांस्टेबल राजेश डागर, आशीष, राहुल व परमवीर की एक टीम बनाई गई। यह पूरी कार्रवाई एसीपी डाबरी संजीव कुमार की देखरेख में संपन्न हुई।

पुलिस ने छापेमारी की तो पाया कि तीनों युवक एक लैपटॉप और मोबाइल फोन के जरिए सट्टेबाजी का सेटअप चला रहे थे। लैपटॉप में ‘रेड्डी अन्ना’ ऐप खुला था, जिसमें सट्टे की रकम, पॉइंट और बैलेंस की पूरी डिटेल मौजूद थी। पूछताछ में आरोपियों की पहचान बिहार के रहने वाले दुलो कुमार (21), मिथिलेश कुमार (21) और ज्योतिष कुमार (22) के रूप में हुई।

आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ‘राजा’ और ‘बबलू’ नाम के दो व्यक्तियों के लिए काम करते थे, जो उन्हें 15,000 से 20,000 रुपये महीने की सैलरी देते थे। राजा और बबलू ही इन लोगों को बैंक खाते और डेबिट कार्ड मुहैया कराते थे और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सट्टेबाजी की पूरी कमांड संभालते थे। सट्टेबाजी का हिसाब-किताब साप्ताहिक आधार पर राजा और बबलू के साथ किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बिंदापुर थाने में बीएनएस और दिल्ली जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस अब इस गिरोह के मास्टरमाइंड राजा और बबलू की तलाश कर रही है, जो आरोपियों के पैतृक गांव के आसपास के रहने वाले हैं। इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में चल रहे अवैध सट्टेबाजी के डिजिटल नेटवर्क को एक बड़ा झटका लगा है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और इनके बैंक खातों का विवरण खंगाल रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More