आइपीएल मैच से लौट रहे दो भाइयों को संसद मार्ग पर मालवाहक गाड़ी ने कुचला, हुई मौत, चालक फरार

नई दिल्ली: दिल्ली के संसद मार्ग थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुई एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की जान चली गई। मृतक छात्रों की पहचान अशोक नगर निवासी 20 वर्षीय यज्ञ भाटिया और 14 वर्षीय अभव भाटिया के रूप में हुई है। दोनों आइपीएल मैच देखकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी अशोक रोड स्थित पीएनबी कॉम्प्लेक्स के सामने महादेव रोड टी-पॉइंट पर एक मालवाहक गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने इस मामले में ‘हिट एंड रन’ का केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, दोनों छात्र मैच देखने के बाद रात करीब 10:30 बजे वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान अभव ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि वे आधे घंटे में घर पहुंच जाएंगे। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि जब अभव अपने पिता से फोन पर बात कर रहा था, उसी समय यह भीषण हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक अचेत होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला अपराध शाखा को मौके पर बुलाया गया और फॉरेंसिक जांच करवाई गई। फिलहाल शवों को आरएमएल अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट किया गया है। पुलिस ने एक प्रत्यक्षदर्शी के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। संसद मार्ग थाना पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट रूप से ‘हिट एंड रन’ का मामला लग रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मालवाहक गाड़ी की पहचान कर ली गई है और पुलिस की टीमें फरार आरोपी चालक को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से अशोक नगर स्थित उनके घर में मातम पसर गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More