पहाड़गंज के चूना मंडी में भीषण आग, बुजुर्ग की मौत, पुलिस ने बचाई तीन की जान

नई दिल्ली: मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में सोमवार दोपहर एक आवासीय इमारत की तीसरी मंजिल पर लगी भीषण आग में 60 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। आग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक कमरे में अंदर से लॉक होने के कारण फंसे बुजुर्ग को बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरएमएल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना की पीसीआर कॉल रविवार दोपहर करीब 2:45 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही पहाड़गंज थाना पुलिस की टीम तुरंत चूना मंडी स्थित घटनास्थल पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि इमारत के अंदर धुआं भर गया था। पुलिस ने अपनी जान जोखिम में डालकर इमारत के अंदर फंसे तीन लोगों को सकुशल रेस्क्यू कर बाहर निकाला। हालांकि, तीसरी मंजिल के एक कमरे में 60 वर्षीय रमेश फंस गए थे। कमरा अंदर से बंद होने के कारण उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसे रमेश को पुलिस तुरंत आरएमएल अस्पताल ले गई, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल लाने से पहले मृत हुआ घोषित कर दिया।

पुलिस ने इस दुखद हादसे के बाद अपराध शाखा घटनास्थल पर बुलाया, जिसने बारीकी से मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पहाड़गंज पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग लगने का सटीक कारण क्या था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है कि क्या शॉर्ट-सर्किट की वजह से आग लगी या कोई अन्य लापरवाही रही। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More