न्यू अशोक नगर में सरकारी कर्मचारी युवती की संदिग्ध मौत, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में 20 वर्षीय सरकारी कर्मचारी (MTS) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को मृतका का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला बताते हुए इनक्वेस्ट कार्यवाही शुरू की थी, लेकिन अब मृतका के परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए एक युवक और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसे ब्लैकमेल कर उसकी हत्या की गई है।

मृतका की मां ने आरोप लगाया कि ‘अमित वर्मा’ नाम का युवक उनकी बेटी को 2023 से परेशान कर रहा था। मां का दावा है कि आरोपी ने उनकी बेटी को नशीला पदार्थ खिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाए थे, जिसके जरिए वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था। वहीं, मृतका की बहन ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा, “हमें बताया गया कि उसने सुसाइड किया है, लेकिन मेरी बहन ऐसी नहीं थी जो आत्महत्या करे। जब हमने शव देखा तो उसके पैर पर चोट के निशान थे और गले पर भी संदिग्ध निशान थे। उसने जो टी-शर्ट पहनी थी, वह किसी पुरुष की थी और शरीर पर अन्य कोई कपड़े नहीं थे।” परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने में देरी कर रही है।

इस पूरे मामले पर दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि 26 अप्रैल को दोपहर करीब 12:50 बजे पीसीआर कॉल मिली थी। पुलिस टीम तुरंत न्यू अशोक नगर के सी-ब्लॉक स्थित घर पहुंची, जहां कमरा अंदर से बंद था। दमकल विभाग की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, तो युवती का शव पंखे से लटका मिला।

पुलिस के अनुसार, “प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मौके के मुआयने में फिलहाल किसी बाहरी व्यक्ति की जबरन घुसपैठ या हाथापाई के स्पष्ट संकेत नहीं दिखे हैं। शव को एलबीएस अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने कानूनी प्रावधानों के तहत इनक्वेस्ट कार्यवाही शुरू की है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की गहनता से जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। यदि जांच में कोई आपराधिक तत्व सामने आता है, तो उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मृतका के फोन की कॉल डिटेल्स व अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है। परिवार के आरोपों के बाद पुलिस अब आरोपी युवक और उसके परिजनों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More