दिल्ली पुलिस का अवैध शराब कारोबार पर प्रहार, 11 पेटी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, आरोपी की गाड़ी भी जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिले की पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने आरोपी के पास से हरियाणा में बिक्री के लिए निर्धारित अवैध शराब के 540 क्वार्टर (11 पेटी) बरामद किए हैं। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सेंट्रो कार को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नांगलोई निवासी रोहताश (36) के रूप में हुई है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 26 और 27 अप्रैल की मध्यरात्रि को थाना पुलिस की पैट्रोलिंग टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल नीरज कुमार और कांस्टेबल विनीश कुमार शामिल थे, पश्चिम विहार इलाके में गश्त कर रही थी। श्मशान घाट रोड के पास टीम ने एक सेंट्रो कार को आते देखा। जब पुलिस ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने कार की गति तेज कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत उसका पीछा किया और गाड़ी को रुकवा कर चालक रोहताश को पकड़ लिया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें से 11 पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जिस पर ‘फॉर सेल इन हरियाणा’ का लेबल लगा था। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 540 क्वार्टर है।

आरोपी रोहताश को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इस तस्करी के पूरे नेटवर्क और मुख्य आपूर्तिकर्ता की पहचान कर उसे भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के धंधे पर नकेल कसने में मदद मिली है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More