विजय विहार में शराब के लिए मना करने पर टेंपो चालक को जिंदा जलाने का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले के विजय विहार इलाके में मामूली विवाद में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक परिचित ने टेंपो चालक को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे 40 वर्षीय राकेश को पहले बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें एम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार दिन की मशक्कत के बाद आरोपी मन्नू उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह वारदात 23 अप्रैल की शाम करीब 6:10 बजे दिल्ली मल्टी हॉस्पिटल के पास हुई। विजय विहार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को आग लगा दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को ‘सूरज वॉशिंग सेंटर’ के अंदर से जले हुए कपड़े और अन्य साक्ष्य मिले। पीड़िता ने अस्पताल में दिए बयान में बताया कि वह अपने परिचित मन्नू के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इस दौरान जब मन्नू ने और शराब की मांग की और राकेश ने मना कर दिया, तो आरोपी तैश में आ गया। दोनों के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मन्नू ने पास ही रखा पेट्रोल राकेश पर उड़ेल दिया और माचिस जलाकर उन्हें आग के हवाले कर दिया।

घटना में राकेश करीब 60 फीसदी तक झुलस गए हैं और एम्स में उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बयान के आधार पर हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। विजय विहार थाना पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद 27 अप्रैल को मुख्य आरोपी मन्नू को गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या यह पहले से रची गई कोई साजिश थी या अचानक हुआ झगड़ा। इस घटना ने आसपास के इलाके में दहशत फैला दी है। फिलहाल, आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More