एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड और राणहोला थाना पुलिस ने महिला तस्कर को दबोचा, 8.26 ग्राम हेरोइन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिला पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड और राणहोला थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 8.26 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पकड़ी गई आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उसके खिलाफ पहले आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 23 अप्रैल को एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड के हेड कांस्टेबल टेक चंद को गुप्त सूचना मिली थी कि राणहोला थाना क्षेत्र के शिव विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स के पास एक महिला नशीले पदार्थ के साथ मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर राजपाल मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एएसआई जयपाल, हेड कांस्टेबल टेक चंद, जसवंत और महिला हेड कांस्टेबल सुनीता शामिल थीं। यह पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस वीरेंद्र लांबा की देखरेख में संपन्न हुई।

पुलिस टीम ने राणहोला थाने की स्थानीय पुलिस की मदद से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। टीम को देखकर महिला ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पॉलिथीन बैग मिला, जिसमें 8.26 ग्राम हेरोइन पाई गई। मौके पर बुलाई गई एफएसएल टीम ने फील्ड टेस्टिंग किट से इसकी पुष्टि की।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ राणहोला थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पूछताछ में पता चला है कि महिला का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है और वह आबकारी अधिनियम के एक मामले में शामिल रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है ताकि मादक पदार्थों के मुख्य स्रोत और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस पूरे सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More